भास्कर न्यूज | अमृतसर पश्चिमी हलके के अधीन आते वार्ड 80 के इलाका रंजीतपुरा, न्यू रंजीतपुरा और कृपा नगर में लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। इलाके में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, जिसके कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायतें देने के बावजूद समस्या का पक्का समाधान नहीं किया जा रहा। कृपा नगर में कूड़े की लिफ्टिंग नियमित रूप से नहीं हो रही। सड़कों और गलियों में कूड़ा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इतना ही नहीं, इलाके में सीवरेज के चैंबर भी जाम पड़े हैं। कई जगह चैंबर ओवरफ्लो की स्थिति में हैं, जबकि सफाई कर्मी भी रोजाना सफाई करने नहीं पहुंच रहे। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रंजीतपुरा और न्यू रंजीतपुरा में सीवरेज की समस्या लगातार बनी हुई है। कई सीवरेज चैंबर ब्लॉक पड़े हैं और कुछ चैंबर टूटे हुए हैं। हालांकि गंदा पानी सड़कों पर पूरी तरह नहीं फैला है, लेकिन स्थिति कभी भी बिगड़ सकती है। लोगों का कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। पार्षद रमन कुमार ने कहा कि काले वाले मोड़ पर लगी मोटर गंदा पानी नाले में फेंकती है, वहां से करीब 40 हजार रुपए की तार चोरी हो गई थी। जहां नई तार लगाकर मोटर चालू करवाई गई। अब दो दिनों में ब्लॉकेज ठीक होने की उम्मीद है। कूड़े की शिकायत सीधे उनसे करें। टूटे चैंबर बदलने में सिविल विभाग ही ढिलाई करता है। वार्ड में आप से चुनाव लड़े एडवोकेट लखविंदर सिंह रियाड़ ने कहा कि जिन समस्याओं के हल के लिए वोट मांगे थे, वह समस्याएं आज भी बनी है। चुने पार्षद इसका हल नहीं करवा पा रहे। जबकि लोग उनके पास आते है तो वह अपने बिहाव पर विधायक से कहकर समस्याएं हल करवाते रहते है। हरपिंदर सिंह, निवासी रंजीतपुरा ने बताया कि रंजीतपुरा और न्यू रंजीतपुरा में सीवरेज चैंबर ब्लॉक पड़े हैं और कई जगह चैंबर टूटे हुए हैं। गंदगी बाहर न फैले, इसके लिए अस्थायी इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन पक्का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। तलबीर सिंह, निवासी कृपा नगर ने बताया कि सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते। कूड़ा समय पर न उठने से गलियों में गंदगी फैली रहती है। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। उन्होंने मांग की कि विभाग नियमित सफाई सुनिश्चित करे। सतीश कुमार, निवासी कृपा नगर ने बताया कि इलाके में कई दिनों से कूड़े की उठान सही ढंग से नहीं हो रही। सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे बदबू फैलती है। सीवरेज चैंबर भी जाम पड़े हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही, जिससे लोग परेशान हैं। कृपा नगर में ब्लॉक सीवरेज चैंबर। सड़क पर कूड़े के ढेर। खराब सीवरेज चैंबर। रंजीतपुरा में जमा सीवरेज का गंदा पानी।


