भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के वेस्ट हलके में नागरिक सुविधाओं की बदहाली और खराब कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का सब्र जवाब दे गया। सीवर जाम की गंभीर समस्या और टूटी सड़कों से परेशान लोगों ने बुधवार को सरकार और नगर निगम के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। बाबू जगजीवन राम चौक से नाराज लोगों ने पहले पैदल मार्च निकाला और पुतले की अर्थी फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने निगम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सीवर की सफाई नहीं की जा रही है, जिससे सड़कों पर गंदा पानी जमा हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने केवल नागरिक सुविधाओं ही नहीं, बल्कि शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई। रोष प्रकट करते हुए लोगों ने बीच सड़क पर सरकार का पुतला फूंका। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उनका जीना मुहाल हो गया है और यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे संघर्ष को और तेज करेंगे। इस मौके पर रशपाल जाखू, हरमीत सिंह, सतपाल राय, विक्रम शर्मा, अवतार विरदी, मुनीश पाहवा, जगदीप सिंह संधार, अनिल गिल आदि मौजूद रहे।


