भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सीसीएल कबरीबाद स्टोर से लोहा चोरी करते हुए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नगर थाना इलाके के भंडारीडीह के रहने वाले 27 वर्षीय मोहम्मद ताहिर अंसारी और 22 वर्षीय समीर अंसारी के रूप में की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद रविवार को जेल भेज दिया गया। यह जानकारी मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने दी। बताया कि उन्हें 24 जनवरी को सूचना मिली थी कि सीसीएल कबरीबाद स्टोर से लोहे की चोरी कर कोपा जंगल में जमा किया जा रहा है। थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक सुंदर लाला को पुलिस बल के साथ सीसीएल कबरीबाद स्टोर भेजा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मो ताहिर अंसारी और मो समीर अंसारी को पकड़ लिया, जबकि 5-6 अन्य लोग जंगल की झाड़ी का फायदा उठाकर फरार हो गए। सीसीएल स्टोर के सामने खड़े वाहन में देखा गया कि स्टोर में रखी मशीन के लोहे को काटकर उसपर लोड किया गया था। वाहन से 3 क्विंटल 50 किलो स्क्रैप लोहे के साथ वाहन को जब्त कर थाना लाया गया। पूछताछ में बताया कि कोपा के रहने वाले अनिल दास, बोंगा उर्फ उमेश दास, भीम दास, छोटू दास उर्फ टेनिया, शुभभ राम, विक्रम दास उर्फ छोटू दास भाग निकले हैं।


