सी के नायडू ट्रॉफी सेमिफाइल; हार के कगार पर छत्तीसगढ़:खराब बैटिंग, पहली पारी महज 183 पर सिमटी, तमिलनाडु को 329 रन की कुल बढ़त

बीसीसीआई की ओर से आयोजित मेन्स अंडर 23 कर्नल सी के नायडू ट्राफी 2025-26 के सेमीफाइनल मुकाबले में तमिलनाडु अंडर-23 ने छत्तीसगढ़ अंडर-23 के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। यह मुकाबला 1 से 4 मार्च तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहली पारी में तमिलनाडु की टीम 89.5 ओवर में 322 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए एस. मोहम्मद अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 रन की बड़ी पारी खेली। उनके अलावा आर.के. जयंत ने 50 रन और माधव प्रसाद ने 32 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से वासुदेव बरेठ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि देव आदित्य सिंह और वरुण सिंह भुइए को 2-2 विकेट मिले।जवाब में छत्तीसगढ़ अंडर-23 की पहली पारी 91.1 ओवर में 183 रन पर सिमट गई। टीम के लिए साहिल रजत शरीफ ने 45 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 39 रन का योगदान दिया। मयंक वर्मा और राहुल प्रधान ने 28-28 रन जोड़े। तमिलनाडु की ओर से पी. विग्नेश ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए, वहीं सचिन राठी और गोविंद को 2-2 सफलता मिली। पहली पारी के बाद बढ़त हासिल करने वाली तमिलनाडु की टीम ने दूसरी पारी में भी मजबूत खेल दिखाया। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तमिलनाडु ने दूसरी पारी में 67 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 193 रन बना लिए। अथिश ने 51 रन और माधव प्रसाद ने 37 रन की अहम पारी खेली। छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण सिंह भुइए ने 3 विकेट लिए, जबकि वासुदेव बरेठ और प्रशांत साई पैंक्रा को 2-2 विकेट मिले। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तमिलनाडु अंडर-23 ने छत्तीसगढ़ अंडर-23 पर 329 रन की कुल बढ़त बना ली है। अब मैच के चौथे दिन छत्तीसगढ़ के सामने तमिलनाडु को जल्दी समेटने और मुकाबले में वापसी करने की बड़ी चुनौती होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *