सुंदरनगर चाकूबाजी- पंजाब से 2 गिरफ्तार:मंडी पुलिस की कार्रवाई, ऑर्डर लेट होने पर रेस्टोरेंट मालिक पर जानलेवा हमला

हिमाचल प्रदेश की मंडी पुलिस ने सुंदरनगर उपमंडल के चमुखा स्थित ‘द गार्डन ईव’ रेस्टोरेंट में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के पटियाला जिले से दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। यह वारदात 30 दिसंबर की रात को उस समय हुई थी, जब ऑर्डर में देरी होने पर कुछ पर्यटकों ने रेस्टोरेंट के मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया था। घटना के अनुसार, रेस्टोरेंट में खाना खाने आए चार लोगों के एक समूह (जिसमें एक किन्नर और अन्य युवक शामिल थे) ने ऑर्डर आने में हुई मामूली देरी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने रेस्टोरेंट के मालिक और सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी ललित भारद्वाज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी जबरन कैश काउंटर के भीतर घुस गए और ललित भारद्वाज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका वर्तमान में अस्पताल में उपचार चल रहा है। गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम का गठन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मंडी साक्षी वर्मा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए सुंदरनगर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए मुख्य आरोपी गौरव उर्फ जानी और वाहन चालक रशविंद्र सिंह को पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। बाकी दो आरोपियों के पहचान मंडी पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस हिंसक घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *