दोरनापाल| सुकमा जिले के 40 विद्यार्थियों को गुरुवार को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया गया। इसमें बंडा, नुलकातोंग, चिंताकोंटा माध्यमिक शाला व कोंटा बालक आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को शामिल किया गया। सभी छात्रों को साइंस पार्क ले जाया गया, जहां उन्होंने ऊर्जा संरक्षण का नियम, न्यूटन का तृतीय गति नियम, लोलक, सूर्य घड़ी, प्रतिध्वनि नली, दर्पण और केन्द्रापसारक बल जैसे वैज्ञानिक मॉडलों को देखा। विद्यार्थियों ने स्वयं मॉडल चलाकर वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा। इसके बाद छात्रों ने कलेक्टोरेट का भ्रमण किया, जहां उन्होंने कलेक्टर अमित कुमार से मुलाकात की। छात्रों से कलेक्टर ने पढ़ाई में लक्ष्य निर्धारित करने और निर्भीक होकर प्रश्न पूछने प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से विज्ञान से जुड़े सवाल भी पूछे और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इसके बाद तुंगल जलाशय में छात्रों ने पारिस्थितिकी की जानकारी ली।


