भास्कर न्यूज | सुकमा जिला मुख्यालय के विभिन्न सरकारी संस्थानों व निर्माणाधीन परियोजना का कलेक्टर अमित कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और सभी प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा पर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सबसे पहले सेंट्रल लाइब्रेरी पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन भवन की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों को निर्देश देते कहा कि लाइब्रेरी को न केवल सर्वसुविधायुक्त बनाया जाए, बल्कि इसे आकर्षक और ईको-फ्रेंडली स्वरूप भी दिया जाए। इसके बाद वे नगर के अमृत मिशन के तहत बनाई जा रही पानी की टंकी भी देखी और जल प्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाने निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा। बगीचापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने सुपोषण चौपाल के तहत लोगों से संवाद किया, जिसके बाद वे प्रस्तावित वृद्धाश्रम भवन के निरीक्षण पर पहुंचे और वहां बुजुर्गों के लिए जरूरी सुविधाओं व संसाधनों की व्यवस्था तय समय सीमा में पूरा करने के कहा। बाद में कलेक्टर साइंस पार्क के निरीक्षण पर पहुंचे, जहां उन्होंने वीआर लैब और एआई ट्रेनिंग सेक्शन के साथ ही बायोलॉजी, कैमिस्ट्री और फिजिक्स लैब में बच्चों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्था करने कहा। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान मल्टीयूटिलिटी स्पोर्ट्स सेंटर भी देखा और स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट, वॉलीबॉल कोर्ट और बाउंड्रीवाल निर्माण की समीक्षा की। कलेक्टर अमित कुमार ने काम में विलंब न हो, इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और लेआउट के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए।


