कोटा ग्रामीण जिले के सुकेत थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 332 अफीम के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस एसपी कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार थानाधिकारी महावीर प्रसाद को मुखबिर से सूचना मिली कि बडौदिया आतरी निवासी मांगीलाल पुत्र हेमराज (38) ने अपने माल झिलारा स्थित खेत में गेहूं की फसल की आड़ में अफीम की खेती कर रखी है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली, जहां से 332 हरे व गीले अफीम के पौधे बरामद हुए। जब्त किए गए पौधों का कुल वजन करीब 21.440 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी मांगीलाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच चेचट थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अवैध खेती के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी महावीर प्रसाद सहित ओमप्रकाश, धरेन्द्र सिंह, नरेश कुमार, निर्मल कुमार, विशाल कुमार, शिवपाल, हेमन्त, उमेश कुमार व चालक दल शामिल रहे। विशेष भूमिका निर्मल कुमार और विशाल कुमार की रही।


