भास्कर न्यूज | राजनांदगांव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में समपार फाटक संख्या 504 गुदमा-गोंदिया और 481 बोरतलाव-दरेकसा में अंडर ब्रिज निर्माण करने आरएच गर्डर लांचिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रेल और सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में लेवल क्रॉसिंग संख्या 504 व 481 को समाप्त कर उनके स्थान में रोड अंडर ब्रिज आरयूबी निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर दोनों स्थानों पर आरएच गर्डर लॉन्चिंग का कार्य सफलता पूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। समपार फाटक संख्या 504, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गुदमा-गोंदिया ब्लॉक सेक्शन में किमी 991-20-22 में स्थित है। इस फाटक को समाप्त कर यहां लिमिटेड हाइट सबवे आरयूबी निर्माण चल रहा है। आरयूबी निर्माण के तहत आरएच गर्डर लॉन्चिंग तय समय में सुरक्षित रूप से पूरा किया गया। समपार फाटक संख्या 481, किमी 948-19-21 बोरतलाव-दरेकसा ब्लॉक सेक्शन में स्थित है। आरएच गर्डर लॉन्चिंग सफलता से की गई। आरयूबी निर्माण में तेजी आएगी यह कार्य तय ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लेकर इंजीनियरिंग विभाग की निगरानी में किया गया। दोनों जगह गर्डर लांचिंग पूर्ण होने से आरयूबी निर्माण को गति मिलेगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद फाटक बंद होने की समस्या नहीं रहेगी। सड़क यातायात सुगम होगा, हादसों में कमी आएगी। ट्रेनों की स्पीड बढ़ने से यात्रियों का समय बचेगा। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इसे अहम उपलब्धि बताया।


