सुधा चन्द्रन, मृणाल ठाकुर और मामे खान पहुंचे जयपुर:एयरपोर्ट पर दिखी बॉलीवुड सितारों की रौनक, मामे ने राजस्थानी भाषा बोलने पर जताया गर्व

जयपुर इन दिनों बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की पसंदीदा डेस्टिनेशन बना हुआ है। लगातार हो रहे इवेंट्स और वेडिंग समारोहों के चलते फिल्मी सितारों का शहर में आना-जाना लगा हुआ है। रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेत्री एवं सुप्रसिद्ध नृत्यांगना सुधा चन्द्रन, अभिनेत्री मृणाल ठाकुर और लोकगायक मामे खान को स्पॉट किया गया। सुधा चन्द्रन को लेने राजस्थानी अभिनेता राज जांगिड़ एयरपोर्ट पहुंचे। मीडिया से बातचीत में सुधा ने कहा कि जयपुर से उनका बेहद खास और भावनात्मक रिश्ता है। उन्होंने बताया कि वे आज भी ‘जयपुर फुट’ पहनकर ही अपनी प्रस्तुतियां देती हैं। गौरतलब है कि एक हादसे के बाद उन्होंने कृत्रिम पैर के सहारे नृत्य की दुनिया में फिर से पहचान बनाई थी, जिसमें जयपुर फुट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुधा जयपुर एक विशेष टॉक कार्यक्रम के सिलसिले में आई हैं। उन्होंने कहा कि इस शहर से जुड़ाव उन्हें हमेशा प्रेरणा देता है। कूल अंदाज में दिखीं मृणाल ठाकुर मृणाल ठाकुर एयरपोर्ट पर बेहद कूल और कैजुअल लुक में नजर आईं। इवेंट टीम ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद फैंस ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मृणाल ‘सुपर 30’ (2019), ‘बाटला हाउस’ (2019), ‘जर्सी’ (2022) और तेलुगु सुपरहिट फिल्म ‘सीता रामम’ (2022) जैसी फिल्मों से खास पहचान बना चुकी हैं। जयपुर में उनकी मौजूदगी को लेकर फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। राजस्थानी भाषा में बोले मामे खान लोकगायक मामे खान इस बार एयरपोर्ट पर अलग ही अंदाज में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि पिछली बार जयपुर आने पर उनकी अंग्रेजी में बातचीत को लेकर सवाल उठाए गए थे कि वे राजस्थान में राजस्थानी में क्यों नहीं बोलते। इस बार उन्होंने पूरी बातचीत राजस्थानी भाषा में की और कहा कि उन्हें राजस्थानी होने और अपनी मातृभाषा बोलने पर गर्व है। उन्होंने कहा, “म्हैं राजस्थानी सूं और राजस्थानी बोलवां में म्हानै घणो गर्व है।” सबसे पहले मैं हिन्दुस्तानी हूं, इसके बाद राजस्थानी हूं। राजस्थानी भाषा और यहां का संगीत मेरी जान है। एयरपोर्ट पर ही मामे खान ने अपना लोकप्रिय गीत ‘चौधरी’ गाकर सुनाया, जिसे सुनने के लिए वहां भीड़ जमा हो गई। यात्रियों और फैंस ने उनके साथ सेल्फी ली और उनकी प्रस्तुति का आनंद उठाया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जयपुर एयरपोर्ट पर अंग्रेजी में बात करने को लेकर वे सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए थे। लगातार हो रहे डेस्टिनेशन वेडिंग्स, कॉर्पोरेट इवेंट्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण जयपुर इन दिनों बॉलीवुड सितारों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। एयरपोर्ट पर सितारों की मौजूदगी ने एक बार फिर शहर में ग्लैमर का तड़का लगा दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *