सुनंदा शर्मा के बाद अब सिंगर श्री बराड़ से धोखाधड़ी:पिंकी धालीवाल के खिलाफ शिकायत दी, बोले-मेरी आवाज दबाई गई, रची जाएगी साजिश

पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के बाद अब सिंगर श्री बराड़ ने भी म्यूजिक प्रोडयूसर पिंकी धालीवाल के खिलाफ पुलिस को शिकायत और सबूत सौंपे हैं। उनका कहना है, “मुझे पता है कि मेरे इस कदम के बाद ये लोग मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे, लेकिन मैं आखिरी सांस तक सच बोलूंगा। अगर बदले में दुनिया की हर चीज़ से लड़ना पड़ा, तो भी पीछे नहीं हटूंगा।” श्री बराड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट, इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं आपसे कुछ बातें साझा करना चाहता हूं। आज हमने पिंकी धालीवाल द्वारा हमारे साथ की गई धोखाधड़ी की शिकायत सबूतों के साथ दर्ज करवाई है। मैं सुनंदा शर्मा के लिए बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं कि उन्होंने इस लड़ाई की शुरुआत की।” उन्होंने आगे कहा, “दो-तीन साल पहले मैंने इस मामले की जानकारी तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी दी थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। उल्टा, इन लोगों ने मुझे हर तरफ से ब्लैकमेल करना और दबाना शुरू कर दिया। मेरी जिंदगी में अपनी जान बचाना एक बड़ा मुद्दा बन गया था, जिससे मजबूर होकर मुझे यह लड़ाई छोड़नी पड़ी। मेरी मेहनत की कमाई का हिसाब भी मुझे आज तक नहीं मिला।” मेरा बैंक अकाउंट अपने कंट्रोल में ले लिया बराड़ ने पोस्ट में लिखा है कि, “इनकी पावर इतनी ज्यादा थी कि मेरे बैंक अकाउंट से मेरा नंबर हटाकर इन्होंने अपना नंबर जोड़ दिया और पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। आप इस मामले को छोटा समझ रहे होंगे, लेकिन यह बहुत बड़ा है। इनके साथ कई प्रभावशाली लोग जुड़े हुए हैं। अगर कोई इनके खिलाफ आवाज उठाता है, तो ये मिलकर उसका कारोबार खत्म कर देते हैं और उसकी लाइफ व कैरेक्टर का मजाक बना देते हैं। इनके पास इतना पैसा है कि ये किसी को भी किसी भी कीमत पर खरीद सकते हैं।” इंडस्ट्री के 90% लोग इनके साथ “पंजाब की म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी से ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इंडस्ट्री के 90% लोग इनके साथ हैं। जो भी इनके खिलाफ बोलता है या अपने हक का पैसा मांगता है, उसे चुप करा दिया जाता है और उसे हर तरफ से बायकॉट कर दिया जाता है। इंडस्ट्री के कई लोग मिलकर उसे खत्म करने की कोशिश करते हैं।” अब पता नहीं मेरे खिलाफ क्या साजिशें रचेंगे श्री बराड़ ने सरकार और पुलिस की सराहना करते हुए कहा, “मैं हमेशा पंजाब के हर मुद्दे पर बोलता आया हूं। मेरे पुराने बुरे अनुभवों के कारण मुझे लगता था कि सरकार और पुलिस सिर्फ पावरफुल लोगों के इशारे पर काम करती है। लेकिन आज मैं अपनी सोच को बदलने के लिए मजबूर हो गया हूं। पंजाब पुलिस और सरकार ने आज वह कर दिखाया, जो हर कोई नहीं कर सकता।” अंत में उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि मेरे इस कदम के बाद मेरे खिलाफ क्या साजिशें रची जाएंगी, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा। अगर दुनिया की हर चीज से टकराना पड़े, तो भी मैं टकराऊंगा। पंजाब और पंजाबियत जिंदाबाद!

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *