बलौदाबाजार जिले के ग्राम परसाभदेर में एक युवक की चाकू से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 मार्च की रात की है। मृतक ज्ञानेश मिश्रा (24) ने शहीद चौक के पास खड़े साहिल गेण्डरे (22) और अमोन मारिस पीटर (25) से सवाल किया। इस बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपियों ने चाकू से ज्ञानेश पर कई वार किए। घायल ज्ञानेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की हुई पहचान पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी साहिल का आपराधिक रिकॉर्ड है। सिटी कोतवाली में उस पर मारपीट और हत्या के प्रयास के पांच मामले दर्ज हैं। वारदात में इस्तेमाल चाकू साहिल ने दो साल पहले फ्लिपकार्ट से खरीदा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म किया कबूल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि ज्ञानेश ने उनसे सुनसान जगह पर खड़े होने का कारण पूछा तो इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज होकर उन्होंने ज्ञानेश मिश्रा पर चाकू से हमला किया। FSL टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिले सबूतों को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में पेश किए, जहां से दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया गया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।


