सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल 6 माह में, एमबीबीएस की 150 सीटें होंगी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और उपायुक्त माधवी मिश्रा ने गुरुवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ करने के लिए विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए अपर मुख्य सचिव ने कहा कि रांची के सदर अस्पताल मॉडल को एसएनएमएमसीएच में अपनाया जाएगा। इसके अंतर्गत धनबाद में भी निजी चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को अगले 6 माह में शुरू करना है। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी एवं ऑन्कोलॉजी की सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इससे यहां के मरीजों का यहीं इलाज हो सकेगा। उन्हें बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। अपर मुख्य सचिव कहा कि एसएनएमएमसीएच में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, जिस कारण यह ओवर क्राउडेड हो जाता है। इसलिए नए परिसर में ओपीडी, आईपीडी को शिफ्ट कर नई सेंट्रल लैब बनाई जाएगी। वहीं अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग को बेहतरीन तरीके से मेंटेन भी किया जाएगा। डॉक्टर हमारे, नाम प्राइवेट का…ऐसा नहीं होगा : स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि आसपास के जिलों से मरीजों को धनबाद रेफर किया जाता है। इसलिए यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। यहां मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन उन्हें तुरंत यहां से रेफर कर दिया जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। सरकारी अस्पताल की अनदेखी अच्छी बात नहीं है, परयहां यही हो रहा है। सभी डॉक्टर हमारे हैं और नाम प्राइवेट अस्पतालों का हो रहा है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस पर बड़े व कड़े सुधार की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान हम व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। हम इसे ठीक करेंगे। एमबीबीएस व पीजी की सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव : उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसएनएमएमसीएच में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं, जिन्हें वर्ष 2026-27 में 150 और उसके बाद 200 तक करने का प्रस्ताव है। वहीं, पीजी के लिए अभी 9 सीटें है जिन्हें 59 करने और 2 वर्ष के अंदर 100 सीट तक करने का प्रस्ताव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *