सुबह कोहरे की चादर, दिन में खिलेगी धूप:झारखंड में 2 डिग्री तक गिरेगा तापमान, 19 तक मौसम शुष्क, 26-28°C रहेगा रांची का पारा

झारखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल साफ और शुष्क रहने वाला है, लेकिन सुबह के समय कोहरे की मौजूदगी लोगों को ठंड का एहसास कराएगी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 13 फरवरी से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्यतः साफ हो जाएगा। अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। यानी रात की ठंड हल्की बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप राहत देगी। 19 फरवरी तक नहीं कोई चेतावनी मौसम विभाग ने 13 से 19 फरवरी तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। मध्य झारखंड, दक्षिणी झारखंड, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में कहीं भी बारिश या तेज हवा जैसी स्थिति की संभावना नहीं है। सभी भागों में सुबह कोहरा और दिन में साफ आसमान का सिलसिला जारी रहेगा। किसानों और आम लोगों के लिए यह अवधि सामान्य मानी जा रही है, हालांकि सुबह और देर रात ठंड से बचाव की सलाह दी गई है। रांची में 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा अधिकतम तापमान राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी यही मौसम पैटर्न देखने को मिलेगा। 13 से 17 फरवरी तक सुबह कोहरा और बाद में साफ आसमान रहेगा। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 18 और 19 फरवरी को भी मौसम शुष्क और मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम स्थिर बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट, गुमला सबसे ठंडा राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8°C चाईबासा में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा। डालटनगंज में 31.0°C और सरायकेला में 31.6°C अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 26.4°C रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान में कई स्थानों पर गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3°C गुमला में रिकॉर्ड हुआ। रांची में न्यूनतम तापमान 10.0°C रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। डालटनगंज में 9.6°C और जमशेदपुर में 13.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C तक नीचे रहा। राज्य में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी बनी हुई हैं, जबकि मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *