सुबह ठंड, दोपहर में धूप और शाम को छाए बादल, दो दिन हल्की बारिश की संभावना

वेदर रिपोर्टर| भिलाई ट्विनसिटी में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान पर कपासी बादल छाए रहे और धूप पूरी तरह नहीं खिल सकी। दिनभर हल्की ठंडक और उमस का मिला-जुला असर महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे भारतीय भूमध्य रेखीय सागर के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए और अधिक मजबूत हो सकता है। मौसम​ विशेषज्ञ हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में समुद्र की ओर से नमी का आगमन हो रहा है। यही वजह है कि भिलाई-दुर्ग समेत आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अ​िधक रहा। यही वजह है कि रात के समय पहले की तुलना में ठंड कम महसूस हो रही है। बादलों के कारण तेज धूप से राहत मिल रही है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान लगभग 34.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। भिलाई-दुर्ग में भी बारिश की संभावना कम है, हालांकि आसमान में बादल बने रह सकते हैं। वहीं 23 और 24 फरवरी को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। यदि यह सिस्टम और सक्रिय होता है तो ट्विनसिटी में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहाल भिलाई-दुर्ग में मौसम सुहावना बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *