सुबह 4 बजे से खुले कपाट, रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा, संकीर्तन से गूंजा माता लाल देवी मंदिर

भास्कर न्यूज | अमृतसर मॉडल टाउन स्थित रानी का बाग के माता लाल देवी मंदिर में माता जी का जन्मदिवस का मनाया गया। माता जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संपूर्ण मंदिर परिसर को कई क्विंटल देसी-विदेशी फूलों से सजाया गया था। उत्सव की शुरुआत सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुई। पंडितों ने मंत्रोच्चारण के बीच माता जी का अलौकिक शृंगार किया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान जैसे ही आरती की घंटियां बजीं, मंदिर परिसर माता जी के जयकारों से गूंज उठा और उपस्थित भक्त भाव-विभोर हो गए। जन्मदिवस के उत्साह में हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। हाथों में हार, फल और मेवों के साथ-साथ कई भक्त माता जी के लिए जन्मदिन का केक भी लेकर आए थे। माता रानी को केक का भोग लगाने के बाद उसे प्रसाद के रूप में संगत में वितरित किया गया। विशेष बात यह रही कि मंदिर के सेवादारों ने ठीक वैसे ही वस्त्र धारण किए हुए थे, जैसे माता जी के विग्रह को पहनाए गए थे, जो आकर्षण का केंद्र रहा। सारा दिन भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से माता रानी का गुणगान किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस पावन अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी सहित शहर के कई दिग्गज नेताओं ने नतमस्तक होकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिर कमेटी के प्रधान विक्रम शर्मा और महंत देवी दास ने ट्रस्टियों के साथ मिलकर भजन गायकों को सम्मानित किया। शहर की विभिन्न सभा-सोसायटियों की ओर से जगह-जगह लंगर लगाए गए थे। वहीं कई भक्त ऐसे भी थे जो माता जी के लिए केक लेकर आए उन्होंने केक का भोग माता जी को लगाकर उसका प्रसाद बांटा। रात 12 बजे तक माता जी को विभिन्न प्रकार के भोग लगाए गए ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *