शहर में मुख्यमंत्री की यात्रा से पहले निगम ने मार्गों से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को मल्लातलाई से रामपुरा तक 8 घंटे की ताबड़तोड़ कार्रवाई की। मकानों-दुकानों के बाहर कब्जे कर बनाए करीब 60 चबूतरों, रैंप और टिनशेड को ध्वस्त किया। एक डीजी सेट, फ्रिज, 2 ठेले, 3 काउंटर और विज्ञापन बोर्ड जब्त किए। शहर में 17 फरवरी से जल शक्ति मंत्रालय की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला होना प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री समेत कई नेता शामिल होने आएंगे। इस कार्यक्रम से पहले निगम शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने में जुट गया है। आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे टीम सुभाष चौराहे पर पहुंची। रोड के दोनों साइड दुकानों और मकानों के बाहर 15 से 20 फीट टीनशेड, रैंप और चबूतरों बनाकर अतिक्रमण किया हुआ था। जेसीबी और हाइड्रा की सहायता से रामपुरा चौराहे तक करीब 60 मकानों-दुकानों के अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इस दौरान एक डीजी सेट, फ्रीज, 2 ठेले, 3 काउंटर और विज्ञापन बोर्ड जब्त किए। ठेले और काउंटर संचालक बिना लाइसेंस के अवैध रूप से व्यवसाय कर रहे थे। टीम ने अतिक्रमण नहीं करने के लिए घर व दुकान मालिकों को पाबंद किया। कार्यवाही के दौरान निगम सीआई मांगीलाल डांगी, राजस्व अधिकारी नितेष भटनागर, राजस्व निरीक्षक विजय जैन, राहुल मीणा के साथ होमगार्ड जाब्ता मौजूद रहा।


