जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। पुलिस प्रशासन की ओर से पूरे जिले में 109 स्थानों पर स्पेशल नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सिविल ड्रेस में 200 से अधिक पुलिस कर्मियों को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। थाना एसएचओज सहित 900 से अधिक पुलिस बल चैकिंग अभियान चला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए 1117 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जानकारी तुरंत संबंधित थानों तक पहुंचाई जा रही है। एसएसपी देहाती सुहैल कासिम ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमों को तैनात कर अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिक्तर देहाती के साथ लगते बार्डर इलाकों में बीएसएफ की टीमों के साथ देहाती पुलिस सुरक्षा का जायजा लेते हुए चैकिंग कर रही है। वह खुद ग्राउंड पर जाकर लगे नाकों की समीक्षा कर रहे हैं। पंजाब का माहौल खराब करना का प्रयास हो रहा है, लेकिन उससे डरने की जरूरत नहीं है। डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि पहले भी शहर में सुरक्षा को लेकर नाकेबंदी की जाती रही है, मगर अभी कमांडो और थाना एसएचओज सहित सभी पुलिस कर्मियों को स्पैशल चैकिंग करने और अपराधियों पर निगरानी रखने के लिए हिदायत दी गई है। रात के समय चैकिंग के बाद पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। शहर आने-जाने वाले सभी पर नजर रखी जा रही है। ऑनलाइन धमकी देने वाले शरारत कर रहे हैं। फिर भी बम स्क्वायड सहित अलग-अलग टीमे जांच कर रही है।


