भास्कर न्यूज | राजनांदगांव कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सुशासन की दिशा में काम कर रही है। योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए पारदर्शिता और निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, योजनाओं की समीक्षा और विकास कार्यों में तेजी लाना है। जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद भी इसका हिस्सा है। तिहार तीन चरणों में हो रहा है। पहला चरण 8 से 11 अप्रैल तक चला। इसमें जनता से आवेदन लिए गए। समाधान पेटी, शिविर और ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन जमा हुए। जिला और ब्लॉकों के साथ हाट बाजारों में आवेदन लिए। राजनांदगांव जिले में कुल 1 लाख 27 हजार 659 आवेदन मिले। इनमें 1 लाख 24 हजार 202 मांगों से जुड़े और 3 हजार 357 शिकायतों से संबंधित थे। अब तक 84 हजार 129 आवेदनों का निराकरण हो चुका है। कलेक्टर ने पत्रकारों से अपील करते कहा कि वे समाधान शिविरों के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिले। प्रेसवार्ता में अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम खेमलाल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।