गोरखपुर में दुल्हन शादी के सिर्फ 3 दिन बाद मायके लौट गई। 4 दिन बाद पंचायत हुई और उसने तलाक का नोटिस भेज दिया। इसमें लिखा- मैं ऐसे व्यक्ति के साथ अपना जीवन नहीं जी सकती, जो शारीरिक रूप से अक्षम है। यह बात मुझे सुहागरात पर पता चली। पति ने मुझे खुद ही इस बारे में बताया है। लड़के का परिवार सहजनवां में रहता है। शादी उसके घर से 35Km दूर बेलीपार में रहने वाली लड़की से हुई थी। तलाक का नोटिस मिलने के बाद दोनों परिवार के लोग बेलीपार में एक रिश्तेदार के घर पर बैठे। करीब 4 घंटे तक पंचायत होती रही। इस दौरान लड़की के घरवालों ने 2 तरह के आरोप लगाए। पहला- आपने धोखे से अपने बेटे से शादी करवा दी। लड़का किसी काबिल नहीं था, तो हमें बताना चाहिए था। दूसरा- 2 साल पहले भी लड़के की शादी करवाई गई थी। उस वक्त 1 महीने बाद लड़की घर छोड़कर चली गई थी। उस वक्त भी लड़के अक्षम होने की बात सामने आई थी। दोनों परिवारवालों की सहमति पर लड़के को गोरखपुर शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। वहां उसकी मेडिकल जांच हुईं। डॉक्टर ने रिपोर्ट में लिखा- लड़का कभी पिता नहीं बन सकता। डॉक्टर ने इसके मेडिकल इश्यू भी अपनी रिपोर्ट में लिखे हैं। हालांकि, यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। फिलहाल दुल्हन अपने घर में है। पूरे मामले को समझने के लिए दैनिक भास्कर ने दोनों के घरवालों से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… पोल में हिस्सा लेकर राय दे सकते हैं… 25 साल का दूल्हा संपन्न किसान परिवार का इकलौता लड़का है। सहजनवां के संपन्न परिवारों में इन लोगों की गिनती होती है। लड़का बीटेक करने के बाद वह गीडा की एक फैक्ट्री में इंजीनियर की जॉब कर रहा है। उसके कुछ रिश्तेदार बेलीपार इलाके में रहते हैं। उन्हीं रिश्तेदारों ने यह शादी करवाई। लड़की पक्ष को ये रिश्ता बहुत पसंद आया था। 28 नवंबर को धूमधाम से सहजनवां से बेलीपार बारात आई। शादी की सभी रस्में होने के बाद 29 नवंबर को दुल्हन की विदाई हो गई। वह सहजनवां में अपनी ससुराल पहुंची। शादी में ड्रामे की शुरुआत 1 दिसंबर को हुई, जब लड़की के पिता चौथ लेकर सहजनवां में दुल्हन के ससुराल पहुंचे। दुल्हन ने पिता को अकेले कमरे में बुलाकर ससुराल में बिताए 3 दिन के बारे में कुछ बातें बताईं। इसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर बेलीपार लौट आए। ससुराल वाले कारण पूछते रहे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पिता कहते हैं- बेटी ने मुझे जो कुछ भी बताया, उस पर मुझे विश्वास नहीं हुआ। उसने कहा कि हमारे साथ धोखा हुआ है। जिससे मेरी शादी कराई गई है, वो मेडिकली फिट नहीं है। घर आकर मैंने बेटी के ससुराल वालों को यह सब बताया। पहले तो वो लोग मुझे पर ही नाराज होने लगे। कहने लगे कि जरूर आपकी बेटी का कहीं चक्कर है, जो ऐसी बातें बना रही है। पिता कहते हैं- मेरे गांव में लड़केवालों उनके रिश्तेदार भी रहते हैं। 3 दिसंबर को लड़का उनके घर पर अपने पिता के साथ आया। इसके बाद काफी देर तक हम दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातें कहते-सुनते रहे। दोनों परिवारों की रजामंदी पर हम लोग लड़के को लेकर बड़हलगंज स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में गए। वहां डॉक्टर ने उसका चेकअप किया। डॉक्टर ने बताया कि वह शारीरिक रूप से अक्षम है। कभी पिता नहीं बन पाएगा। यह सुनने के बाद लड़के के पिता उसको लेकर अपने घर सहजनवां चले गए। डॉक्टर के देखने के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं थे कि उनके बेटे में कोई खराबी है। पहली दुल्हन 2 साल पहले छोड़कर चली गई थी
दुल्हन के पिता कहते हैं- मैंने सहजनवां जाकर दामाद के बारे में और जानकारी की। तब पता चला कि 2 साल पहले भी उसकी शादी हुई थी। उस समय 1 महीने तक रहने के बाद दुल्हन अपने घर वापस चली गई थी। तब मुझे धोखे के बारे में पता चला। इसके बाद मैंने सहजनवां थाने में शिकायत दी। इसमें मैंने प्राइवेट हॉस्पिटल में दामाद की जांच रिपोर्ट का भी जिक्र किया है। दुल्हन के पिता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि हमें धोखे में रखकर ये शादी की गई। इसलिए मैंने जो गिफ्ट और कैश दूल्हे के परिवार को दिया, वो मुझे वापस मिलना चाहिए। जिससे मैं अपनी बेटी की शादी कहीं और कर सकूं। मुझे इसके अलावा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करानी। वहीं, डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दुल्हन की तरफ से तलाक का नोटिस दूल्हे के परिवार को भेजा गया है। हालांकि, दूल्हे के परिवार वालों ने देने से इनकार कर दिया। पुलिस के इन्वॉल्व होने के बाद दोनों परिवारों के बीच फैसला हुआ कि 1 महीने के अंदर दूल्हा पक्ष शादी में खर्च हुए 7 लाख रुपए वापस करेगा। साथ ही जो गिफ्ट मिले थे, वो भी वापस करने होंगे। दोनों पक्षों की सहमति के बाद एक पेपर पर दोनों ओर से गार्जियन का सिग्नेचर किए गए। सहजनवां थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया- दुल्हन के पिता ने शिकायत की है। इसके बाद से ही जांच-पड़ताल शुरू की गई। दूल्हा और दुल्हन पक्ष आपस में भी बात कर रहे हैं। ————————– ये खबर भी पढ़ें – कथावाचक निधि के दूल्हे चिराग घोड़ी पर सवार होकर निकले, गाजियाबाद के फार्म हाउस में आज शादी वृंदावन के कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय की शादी के बाद आज मशहूर कथावाचक निधि सारस्वत भी सात फेरे लेने जा रही हैं। ‘राधे ब्रज जन मन सुखकारी’ फेम भजन गायिका, पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे और भाजपा नेता चिराग के साथ शादी के बंधन में बंधेंगी। निधि के दूल्हे बने चिराग घोड़ी पर सवार होकर बारात के लिए निकल रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…


