रीवा जिले के जवा थाना अंतर्गत बरौली ठाकुरान गांव में बीती देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सूने मकान को निशाना बनाकर पांच बदमाशों ने घर के शटर और गेट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक किसी कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। देर रात जब मकान मालिक घर लौटे तो बदमाश घर के अंदर ही चोरी कर रहे थे। आहट मिलते ही आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग
आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा किया तो दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग भी की। हड़बड़ी में बदमाश अपनी बाइक और एक जोड़ी जूते मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस इस मामले में एडिशनल एसपी रीवा सतीश मिश्रा ने बताया कि,“घटना गंभीर है। बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। बहुत जल्द चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”


