भास्कर न्यूज| महासमुंद पिथौरा नगर के लहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 30 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी का पता बुधवार शाम को चला, जब परिवार के सदस्य घर वापस लौटे। मिली जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक अपनी पत्नी के साथ गुजरात तीर्थ यात्रा पर गए हैं। उनकी पुत्री खाटूश्याम दर्शन के लिए बाहर थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक अपनी पत्नी के साथ किसी काम से रायपुर गए थे। घर में रहने वाली किराएदार के भी बाहर होने से मकान पूरी तरह सूना था। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर मुख्य द्वार पर लगे बड़े ताले को ग्राइंडर मशीन से काटकर मकान के भीतर प्रवेश किया। राकेश ने बताया कि चोरों ने अलमारी को कटर या किसी भारी औजार से तोड़ा है। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर से 10 तोला सोने के जेवरात, 150 तोला चांदी के आभूषण और करीब एक लाख रुपए नकदी पार कर दिए हैं। मौके पर जांच करने के लिए गुरुवार को मुख्यालय से डॉग स्क्वॉड की टीम जाएगी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कितने की चोरी हुई है जांच के बाद ही बता पाएंगे। पुलिस कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।


