अलवर शहर के बुद्ध विहार इलाके में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।जिसमें दो नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल होते दिखाई दिए है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मनीष निवासी बी-253 बुद्ध विहार, अलवर, जो मूल रूप से गांव सुखमनहेड़ी, तहसील मुंडावर, जिला खैरथल-तिजारा के रहने वाले हैं,जो बुद्ध विहार में किराये के मकान में रहता है और किराये पर वाहन चलाने का काम करता हैं। 13 फरवरी 2026 को वे ड्यूटी पर गुड़गांव गया हुआ था। महाशिवरात्रि पर्व के चलते उनकी पत्नी शाम करीब 6 बजे बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर गांव चली गई थीं। 14 फरवरी 2026 को जब मनीष ड्यूटी से लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से चांदी और सोने के जेवरात सहित मंदिर में रखे 400-500 रुपये नकद चुरा ले गए। वहीं पड़ोसियों के कैमरों में दो नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल होते दिखाई दिए है।जिसके आधार पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है। चोरी हुए सामान में दो चांदी की पायल (लगभग 300 ग्राम), चांदी का कमरबंद (करीब 250 ग्राम), चांदी की चैन (150 ग्राम), एक चांदी का सिक्का (50 ग्राम), सोने की दो बालियां (करीब 8 ग्राम) और सोने की नथ/लोंग (करीब 2 ग्राम) शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


