सूरजपुर में जमीन विवाद पर नाबालिग चचेरे भाई की हत्या:जंगल में ले जाकर गला काटा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सूरजपुर जिले के ग्राम मोहरा में जमीन विवाद पर युवक ने नाबालिग चचेरे भाई की गला काटकर हत्या कर दी। नाबालिग का शव जंगल में मिला था। नाबालिग की हत्या की सूचना मृतक बच्चे के मामा को स्वयं हत्यारे भाई ने फोन कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 11 फरवरी की शाम करीब 5 बजे मोहरा निवासी नाबालिग लालसाय के मोबाइल से उसके मामा मंगलसाय को फोन कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी कि लालसाय की हत्या हो गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। इसकी सूचना मंगलसाय ने लालसाय के पिता मंगलू पंडो को दी। परिवार के सदस्यों ने लालसाय की तलाश शुरू की। उसका मोबाइल लगातार बंद मिला रहा था। देर शाम तक उसका शव नहीं मिला। अंधेरा हो जाने पर वे लौट गए। दूसरे दिन मिला गला कटा शव
12 फरवरी को फिर से परिजनों ने लालसाय की तलाश शुरू की तो गहुआ भादा जंगल में पगडंडी के पास लालसाय का शव पड़ा मिला। उसका गला कटा हुआ था एवं एक और चोट का निशान मिला। इसकी सूचना प्रेमनगर पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाबालिग की हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस खोजबीन में लगी थी। चेचेरे भाई ने की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि हत्या की जांच में जुटी पुलिस टीम को पता चला कि मृतक लालसाय का जमीन बंटवारे को लेकर बड़े पिता के लड़के से विवाद चल रहा था। पुलिस ने संदेही देवसाय पण्डो उर्फ देवान (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि घटना दोपहर लालसाय घर में अकेला था। पिता बाजार गए थे एवं मां नहाने के लिए गई थी। लालसाय एवं आरोपी देवसाय पंडो के बीच फिर से विवाद हुआ। इस बीच वे बात करते हुए 3 वर्ष के बच्चे को लेकर नदी में नहलाने ले गया। उसने अपने पास टांगी रखा था। बच्चे को नहलाने के बाद लालसाय से विवाद बढ़ने पर लालसाय को भादा जंगल में ले जाकर टांगी से उसके गले में प्रहार कर दिया। लालसाय वहां गिर गया और इसी दौरान उसका मोबाईल भी वहीं गिर गया। लालसाय वहां से उठकर भागा और गहुंआ भादा में गिर गया। आरोपी ने फिर से उसके गले में टांगी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने हत्या के बाद स्वयं लालसाय के फोन से उसके मामा को काल किया और लालसाय की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद उसने मोबाइल का सिम निकालकर मोबाइल एवं सिम जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *