सूरजपुर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में 10 मई 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर और जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर ने दीप प्रज्वलन के साथ लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और बैंक, नगरपालिका और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई की गई। इनमें न्यायालय में लंबित आपसी विवाद, व्यवहार वाद, मोटर दुर्घटना दावे और परिवारिक विवाद शामिल थे। साथ ही, जिला न्यायालय में सालों से लंबित राजस्व प्रकरण, बैंक ऋण, विद्युत और जल के बकाया देयकों के प्री-लिटिगेशन मामलों को भी खंडपीठों के समक्ष रखा गया।


