छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से कटाई के लिए तैयार रबी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। किसानों के लिए यह नुकसान दोहरी मार साबित हुआ है। एक तरफ फसल की बर्बादी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर घर के खर्चों को चलाने की चिंता सता रही है। प्रदेश भर में पिछले दो दिनों से जारी बारिश का सबसे ज्यादा असर सूरजपुर जिले में देखने को मिल रहा है। यहां के किसान अब शासन-प्रशासन से मुआवजे की उम्मीद लगाए बैठे हैं। फसल की कटाई का समय नजदीक था और किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन मौसम ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। स्थानीय किसानों का कहना है कि रबी की फसल पूरी तरह से तैयार थी और कटाई के लिए बस कुछ ही दिन बचे थे। इस बेमौसम बारिश ने न केवल उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि आने वाले समय में आजीविका चलाने की चिंता भी बढ़ा दी है। इस मामले में तहसीलदार ने कहा कि 15 दिन के भीतर किसानों को मुआवजा दिलवाया जाएगा।


