भोपाल के सेंट फ्रांसिस को-एड स्कूल, बरई में 15 फरवरी को आयोजित ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह में बच्चों और दादा-दादी के बीच प्यार और सम्मान की अनूठी मिसाल देखने को मिली। भोपाल के आर्च बिशप डॉ. ए.ए.एस. दुरईराज एस.वी.डी. और सेवानिवृत्त बीएचईएल महाप्रबंधक जयमन मिंज की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन से हुआ। स्कूल के प्रबंधक रेव. फादर डॉ. थॉमस फिलिप और प्रिंसिपल रेव. सिस्टर इमैकुलेट रानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में छात्रों ने स्वागत नृत्य से लेकर भावुक कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल था “दादा-दादी के साथ अनुग्रह की सैर” नामक रैंपवॉक, जिसमें बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ मंच साझा किया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में पारिवारिक मूल्यों और दादा-दादी के साथ समय बिताने के महत्व पर जोर दिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन स्कूल परिसर में एक यादगार पल बनकर रह गया, जहां तीन पीढ़ियों के बीच स्नेह और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। फोटो गैलरी में देखिए बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां


