सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तुलसी नगर भोपाल में राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के योगदान को समर्पित किया गया। इस आयोजन की थीम “मैथ्स इस अ बिटर पिल फॉर बेटर टुमारो” थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और सम्मान को बढ़ाना था। कार्यक्रम की शुरुआत में मैथ्स विभाग की प्राध्यापिका नंदा नेगी ने “गणित की उपयोगिता” पर प्रेरक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने गणित के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और हमारे दैनिक जीवन में अहम योगदान पर जोर दिया। उनके शब्दों ने छात्रों को गणित के प्रति एक नई दृष्टि दी और उन्हें यह समझने का अवसर दिया कि गणित केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे चारों ओर हर जगह मौजूद है। इसके बाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक नाटक का मंचन किया, जिसमें गणित के महत्व को दिखाया गया। नाटक में यह दिखाया गया कि गणित हमारे जीवन के हर क्षेत्र में एक जरूरी भूमिका निभाता है, चाहे वह विज्ञान हो, प्रौद्योगिकी हो या फिर हमारी रोज़मर्रा की समस्याओं का समाधान। कार्यक्रम की सफलता में एक और महत्वपूर्ण योगदान था प्राचार्य मारिया जगताप का उद्बोधन। उन्होंने छात्रों को गणित से डरने की बजाय उसे समझने और पसंद करने के लिए प्रेरित किया। उनके विचारों ने छात्रों को गणित को एक चुनौती के रूप में नहीं, बल्कि एक अवसर के रूप में देखने की प्रेरणा दी।