सेना के सम्मान में महिलाओं ने निकाली शौर्य यात्रा, जगह जगह हुई पुष्पवर्षा एवं स्वागत
कोतमा। जम्मू कश्मीर के पहलगाम के बेसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए निर्मम आतंकी हमले में देश के 26 नागरिकों की हत्या के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश देखा गया। इस जघन्य हत्या के जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चला कर आतंकवादियों व उनको पनाह देने वाले जिम्मेदारों को करारा जवाब दिया। देश की आन बान और शान भारतीय सेना के सम्मान को लेकर नगर वासियों के हृदय में देश प्रेम का भाव जगाने शौर्य सम्मान समिति कोतमा द्वारा गुरुवार को भव्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाए, युवा एवं पुरुष बस स्टैंड परिसर में एकत्र होने के बाद नगर के मुख्य मार्गो जाकीडा चैक, आजाद चैक, स्टेशन, महावीर मार्ग सहित अन्य मार्गो का भ्रमण कर गांधी चैक पहुंचे। उपस्थित राष्ट्र भक्तों के द्वारा सेना की अदम्य साहस, बहादुरी एवं शौर्य को लेकर वक्तव्य दिया। समस्त नागरिकों से देश प्रेम की भाव जगाने को लेकर संकल्प लिया। यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा एवं स्वागत किया गया। नगर की नारी शक्ति की प्रतीक श्रीमती मोहिनी वर्मा ने कहा कि भारतीय सेना की शक्ति एवं पराक्रम का नजारा पूरी दुनिया ने देखा। उक्त ऑपरेशन में मातृ शक्तियों का विशेष योगदान रहा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को बयां करती यह यात्रा देश की समस्त नारियों के सम्मान को बढ़ाने वाली है। यात्रा में मोहिनी वर्मा, उर्मिला गर्ग, छाया सोनी, सीमा व्यवहार, नीतू सोनी, अजय सराफ, रामनरेश गर्ग, पुष्पेंद्र जैन, प्रदीप सोनी, सुदर्शन रैकवार, हनुमान गर्ग, रज्जू सोनी, राजकमल, सूरज अगरिया सहित सैकड़ो की संख्या में देश भक्त शामिल रहे।


