धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम चिलुर में मकान निर्माण के दौरान सेफ्टी टैंक और रास्ते को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला हरु बाई की मौत हो गई। 8 फरवरी को पड़ोसियों द्वारा की गई मारपीट में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिसके बाद एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरियादी और मृतका के भतीजे विजय पिता धूलसिंह कामदार ने तिरला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके परिवार द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान सेफ्टी टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे और रास्ते को लेकर पड़ोसियों ने आपत्ति जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि पड़ोसियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। 5 आरोपियों ने मिलकर किया था हमला विजय कामदार के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी जीवन, सरदार, संदीप, सीताबाई और राधाबाई ने मिलकर उन पर और उनकी बुआ हरु बाई पर हमला कर दिया। इस हमले में हरु बाई को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद हरु बाई ने दम तोड़ दिया। भतीजे का आरोप- पुलिस ने MLC का बहाना बनाकर टाल दी थी कार्रवाई हरु बाई की मौत के बाद भतीजे विजय कामदार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं हुई। विजय का आरोप है कि पुलिस ने एमएलसी रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कहकर कार्रवाई टाल दी, जिससे आरोपी खुलेआम घूमते रहे। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करती, तो शायद उनकी बुआ की जान बचाई जा सकती थी। धारदार हथियारों से हमले का दावा, दहशत में है पूरा परिवार विजय कामदार ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियारों का उपयोग किया था। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है और उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मृतका का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है, और शव परिजनों को सौंपने के बाद जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


