सेमो में 2.38 करोड़ रुपए से बन रहा नया सब स्टेशन, 10 गांव सीधे जुड़ेंगे

भास्कर न्यूज | कवर्धा कवर्धा ब्लॉक के 10 गांवों की बिजली व्यवस्था में अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। वर्षों से लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या झेल रहे इस बेल्ट को ग्राम सेमो में बनने जा रहे 33/11 केवी सब-स्टेशन से सीधी राहत मिलेगी। 2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस सब स्टेशन से क्षेत्र के 10 गांव सीधे तौर पर जुड़ेंगे। जानकारी के अनुसार ग्राम सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवा भांवर और दुल्लापुर में अब तक बिजली सप्लाई बिजई सब-स्टेशन से संचालित फीडरों के जरिए हो रही थी। करीब 500 कृषि पंपों के चलते हर सीजन में लोड बढ़ जाता था। सिंचाई के समय वोल्टेज गिरना, मोटर का सही से न चलना और ट्रिपिंग आम समस्या बन चुकी थी। कई बार घरेलू उपभोक्ताओं को भी प्रभावित होना पड़ता था। नए बिजली सब-स्टेशन में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। यहां से 3 अलग-अलग 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। बिजली सब- स्टेशन निर्माण काम पूरा करने एक साल का डेडलाइन तय किया गया है। 2 हजार से भी अधिक उपभोक्ताओं को लाभ इस संबंध में कवर्धा संभाग के ईई गुरुदयाल सिंह फ्लोरा का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र के 2 हजार से अधिक घरेलू, कृषि और छोटे व्यवसायिक उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। बताया गया कि किसानों को सिंचाई के लिए नियमित बिजली मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन पर असर नहीं पड़ेगा। भूमिपूजन के साथ निर्माण काम शुरू हो चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *