सेंवढ़ा नगर के बेरछा रोड क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो सूने मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 15-16 जनवरी की दरमियानी रात हुई इन घटनाओं में चोर ताले तोड़कर लाइसेंसी विदेशी माउजर बंदूक, जेवरात, चांदी के सिक्के, टीवी और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। सेना के जवान के घर से 8 लाख की माउजर बंदूक गायब
पहली घटना बेरछा रोड निवासी प्रेम सिंह यादव (60) के घर की है। प्रेम सिंह यादव रिश्तेदारी में बाहर गए हुए थे। शुक्रवार दोपहर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट खुला था और ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर सभी दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर लाइसेंसी स्पेशल अंग्रेजी माउजर बंदूक चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत वर्तमान में 8 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा— बाइक को नहीं छुआ, बंदूक चोरी करने की आशंका
प्रेम सिंह यादव ने बताया कि उनका बेटा संजीव यादव भारतीय सेना में पदस्थ है। खास बात यह रही कि घर के अंदर खड़ी बाइक को चोरों ने हाथ नहीं लगाया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों का मुख्य निशाना माउजर बंदूक ही थी। 100 मीटर दूर सूने मकान में सेंध
इसी क्षेत्र में करीब 100 मीटर दूर सेंवढ़ा बाईपास के पास सेना के जवान किशन सिंह यादव के सूने मकान में भी चोरों ने सेंध लगाई। घटना के समय मकान काफी समय से बंद था। यहां से चोर कपड़े और कुछ घरेलू सामान ही ले जा सके, क्योंकि घर में ज्यादा कीमती सामान मौजूद नहीं था। पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने की जांच सूचना मिलने पर नगर निरीक्षक सुनील बनोरिया पुलिस बल और प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों मकानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों वारदातों का तरीका एक जैसा है, जिससे एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस एक ही रात में दो चोरी की घटनाओं से इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


