भास्कर न्यूज | बठिंडा प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण के उद्देश्य से आयुष विभाग लगातार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आयुर्वेद और होम्योपैथी जैसी पौराणिक उपचार पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। गांव महराज के गुरुद्वारा साहिब छठी पातशाही में निशुल्क सेहत जांच शिविर लगाया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक दोनों पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श और दवाइयां प्रदान कीं। शिविर के दौरान लोगों में स्वास्थ्य के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। होम्योपैथिक ओपीडी में कुल 296 मरीजों की जांच की गई, जबकि आयुर्वेदिक ओपीडी में 305 मरीजों ने उपचार प्राप्त किया। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। शिविर में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की सेवाएं पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।


