सैंपऊ महादेव मंदिर में गर्भगृह में प्रवेश रोका:जलाभिषेक करने के लिए पाइप लगाए, रात 12 बजे से ही उमड़े भक्त

धौलपुर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा हैं। ऐतिहासिक सैंपऊ महादेव मंदिर में शनिवार देर रात 12 बजे से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मध्यरात्रि के साथ ही भक्तों ने कांवड़ चढ़ाना और जलाभिषेक करना आरंभ कर दिया। सैंपऊ महादेव मंदिर में रात 12 बजे से ही बड़ी संख्या में कांवड़ियों और अन्य भक्तों के पहुंचने के कारण भीड़ बढ़ गई। भीड़ को देखते हुए गर्भगृह में प्रवेश रोक दिया गया। महादेव का जलाभिषेक करने के लिए पाइप लगाए गए थे, जिनके माध्यम से भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे थे। हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय
मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। पूरी रात मंदिर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति उत्साह देखा गया। भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। महादेव बाबा का अभिषेक बेलपत्र, धतूरा, दही, शहद और दूध से किया गया।
महाशिवरात्रि के इस अवसर पर देर रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए थे। जिले के अन्य मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के चोपड़ा मंदिर, अचलेश्वर मंदिर और बसेड़ी के भूतेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सैंपऊ के महादेव मंदिर में लक्खी मेला लगा है, वहीं जिले के अन्य शिवालयों पर भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *