टेस्ट प्रिपरेटरी सेवाओं की अग्रणी संस्था आकाश एजुकेशनल सर्विसेज़ लिमिटेड (एईएसएल) ने भारतीय सेना के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया है। इस एमओयू का उद्देश्य वर्तमान में सेवा दे रहे सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शैक्षणिक सहायता और कल्याणकारी लाभ उपलब्ध कराना है। रांची में इसकी जानकारी दी गई। इस पहल के तहत देशभर में आकाश के किसी भी केंद्र में नामांकन लेने वाले सेना से जुड़े विद्यार्थियों को विशेष छात्रवृत्तियां और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें सेवानिवृत्त सैनिक, वीरता पुरस्कार विजेता, दिव्यांग कर्मी और ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सैनिकों के परिवार भी शामिल होंगे। देशभर के आकाश केंद्रों पर मिलेगी विशेष सुविधा इस एमओयू के तहत एईएसएल अपने देशव्यापी नेटवर्क के सभी केंद्रों पर सेना से जुड़े विद्यार्थियों को विशेष लाभ देगा। समझौते पर भारतीय सेना की ओर से कर्नल, सेरेमोनियल एंड वेलफेयर 34 और एईएसएल की ओर से डॉ यश पाल, चीफ अकैडमिक एंड बिजनेस हेड, दिल्ली-एनसीआर ने हस्ताक्षर किए। इसका मुख्य फोकस भारतीय सेना के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण को बढ़ावा देना है। इसके तहत मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आकाश के पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्तियाँ प्रदान की जाएंगी, ताकि सेना के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके। शहीदों के बच्चों को 100% छूट एमओयू के तहत शहीद सैनिकों के बच्चों को केवल रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, जबकि बाकी सभी शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। 20 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले कर्मियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं के बच्चों को भी 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। वहीं, सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों के बच्चों को 20 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट दी जाएगी, जो अन्य स्कॉलरशिप घटाने के बाद लागू होगी। इसके अलावा आकाश की पहले से चल रही स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ भी इन विद्यार्थियों को मिलता रहेगा। शिक्षा के जरिए वीर परिवारों के भविष्य को मजबूत करने की पहल एईएसएल के एमडी और सीईओ चंद्रशेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि शिक्षा उज्जवल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। भारतीय सेना के साथ यह साझेदारी हमारे बहादुर सैनिकों के त्याग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि स्कॉलरशिप के साथ-साथ मेंटरिंग और काउंसलिंग के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सैनिकों के बच्चे अपनी पूरी क्षमता हासिल कर सकें। एमओयू की अवधि के दौरान आकाश सेना के बच्चों को वर्चुअल और फिजिकल दोनों माध्यमों से शैक्षणिक और करियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एईएसएल ने सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के साथ भी इसी तरह का समझौता किया है।


