प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ के लिए रेलवे की ओर से सोगरिया स्टेशन से वाराणसी तक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन कोटा के सोगरिया से रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव जिले के अंता, बारां, अटरू और छबड़ा-गुगोर स्टेशन पर भी होगा। ऐसे में जिले के यात्रियों को भी सुविधा मिल सकेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित मालवीय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए महाकुंभ मेला के मौके पर अतिरिक्त यात्री भीड़ को क्लीयर करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन की ओर से गाड़ी संख्या 09801/09802 सोगरिया-बनारस-सोगरिया के बीच 7-7 ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस गाड़ी में 5 स्लीपर, 4 थर्ड एसी, 7 थर्ड एसी इकोनॉमी, 2 सेकेंड एसी, 2 सामान्य श्रेणी कोच, 1 एसएलआर और 1 जनरेटर कार सहित कुल 22 कोच होंगे। गाड़ी संख्या 09801/09802 सोगरिया-बनारस-सोगरिया के बीच स्पेशल ट्रेन सोगरिया से मंगलवार और शुक्रवार को 17, 21, 24 जनवरी, 7, 14, 18 और 21 फरवरी 2025 को और बनारस से बुधवार और शनिवार 18, 22, 25 जनवरी, 8, 15, 19 और 22 फरवरी 2025 को चलेगी। उन्होंने बताया कि गाड़ी सं 09801 सोगरिया से बनारस के लिए प्रस्थान अपने प्रारंभिक स्टेशन से सुबह 8.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 10.15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09802 बनारस से सोगरिया के लिए प्रस्थान अपने प्रारंभिक स्टेशन से दोपहर 2.45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 3.45 बजे सोगरिया स्टेशन पहुंचेगी। जिले के चार स्टेशनों पर होगा स्पेशल ट्रेन का ठहराव
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालवीय ने बताया कि यह दोनों दिशाओं में सोगरिया से वाराणसी के बीच अन्ता, बारां, अटरू, छबरा गुगोर, रूठियाई, गुना, अशोक नगर, मूंगावली, मालखेड़ी, खुरई, नरयावली, सागर, गिरवर, गणेशगंज, पथरिया, दमोह, रीठी, कटनी, झुकेही, मैहर, सतना, जैतवार, मझगवां, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर और चुनार स्टेशनों पर रुकेगी।


