सोनहत | ब्लॉक मुख्यालय सोनहत के मुख्य चौक को अब महादेव चौक के नाम से जाना जाएगा। ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर चौक का नामकरण किया गया। भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने विधिवत पूजन कर नाम बोर्ड का लोकार्पण किया। अब तक इस चौक का कोई आधिकारिक नाम नहीं था, जिससे स्थानीय लोगों को पहचान बताने में असुविधा होती थी। ग्राम पंचायत द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर चौक को नया नाम मिला है। नामकरण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया और इसे आस्था से जोड़ते हुए चौक के विकास की उम्मीद जताई।