दुनियाभर के वैश्विक बाजार में जारी अस्थिरता का सबसे ज्यादा असर सोने की कीमत पर नजर आ रहा है। जिसकी वजह से भारतीय बाजार में सोने की कीमत ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को राजस्थान में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में 500 रुपए की तेजी आई है। जिसके बाद 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 88,200 के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। वहीं चांदी की कीमत में गिरावट आई है। इसके बाद 500 टूटकर 1 किलो चांदी की कीमत 97 हजार 300 रुपए पर पहुंच गई है। जयपुर सर्राफा एसोसिएशन के राकेश खंडेलवाल ने बताया कि लगातार सोने और चांदी की कीमत में बदलाव का सिलसिला जारी है। लेकिन पिछले कुछ वक्त से सोनी ने अपने सभी रिकार्ड को तोड़ ऑल टाइम हाय के आंकड़े को छू लिया है। इसकी वजह से सर्राफा बाजार में खरीदारों की कमी देखने को मिल रही है। हालांकि काफी लोग इस दौर में सोने को बेचकर मुनाफा कमाने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन आने वाले दिनों में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फरवरी महीने के अंत तक सर्राफा बाजार में अगर इसी तरह की अस्थिरता रहती है। तो सोने की कीमत 90 हजार रुपए के आंकड़े को पार कर सकती है। जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 88 हजार 200 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 82 हजार 700 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 69 हजार रुपए 800 प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 56 हजार 400 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 97 हजार 300 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान 1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉल मार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉल मार्क कोड होगा। इसे हॉल मार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है। 2. कीमत क्रॉस चेक करें सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्यों कि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है। कैरेट के हिसाब से ऐसे चेक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए। अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत होगी।


