खैरथल-तिजारा के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में माछरोली गांव स्थित एक निजी सोलर प्लांट पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर 30 लाख रुपए से अधिक का सामान लूट लिया और फरार हो गए। यह घटना 25 फरवरी की रात को हुई। यदुवंशी सोलर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भीमसिंह यादव ने किशनगढ़बास थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया- उनकी खातेदारी कृषि भूमि खसरा संख्या 1152 पर केंद्र और राज्य सरकार की कुसुम योजना के तहत यह सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। इस प्लांट से राज्य सरकार को बिजली की आपूर्ति की जाती है। प्लांट की सुरक्षा के लिए आस मोहम्मद नामक चौकीदार तैनात था। हथियारों समेत घुसे बदमाश, चौकीदार को बंधक बनाया
25 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे 7-8 अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर प्लांट परिसर में घुस आए। बदमाशों ने चौकीदार आस मोहम्मद को बंदूक से डराकर रस्सी से बांध दिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने प्लांट में लगा 2200 केवीए का पावर ट्रांसफार्मर (अर्कोड कंपनी), 25 केवीए का ऑक्सिलरी ट्रांसफार्मर (एबीसी कंपनी), लगभग 500 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल और डीसी केबल सहित अन्य उपकरण उखाड़कर एक गाड़ी में लाद लिए। 30 लाख का सामान लूटकर फरार
अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब भीमसिंह यादव के भाई आनंद प्लांट पर पहुंचे, तो वहां लोगों की भीड़ जमा थी। निरीक्षण करने पर उन्हें महंगे उपकरण गायब मिले। चौकीदार ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद भीमसिंह यादव मौके पर पहुंचे और थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 29.61 लाख रुपए है। ट्रांसफार्मर ऑयल और डीसी केबल मिलाकर कुल नुकसान 30 लाख रुपए से अधिक का बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तफ्तीश उपनिरीक्षक ज्ञानचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


