सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन, 25 लोग हिरासत में:पुलिस ने गैंग गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की कार्रवाई

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन करने और गैंग गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत आपराधिक पृष्ठभूमि के 25 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखना और गैंग संस्कृति पर अंकुश लगाना है। यह विशेष अभियान डीडवाना-कुचामन की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा, वृताधिकारी कुचामन सिटी मुकेश चौधरी और कुचामन थाना की टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अपराधियों से किसी भी प्रकार का गठजोड़ पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान की गई, जो गैंगस्टरों के अकाउंट फॉलो कर रहे थे, गैंग के नाम से पेज बनाकर वीडियो या फोटो साझा कर रहे थे, या अपराधियों के कृत्यों का प्रचार कर रहे थे। इन व्यक्तियों से रोहित गोदारा गैंग द्वारा दी गई धमकी से संबंधित एक दर्ज प्रकरण में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपराधियों या गैंग से जुड़े व्यक्तियों के बारे में जानकारी तुरंत साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8000372519 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अपराध के महिमामंडन पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *