झालावाड़ में होलिका दहन, धुलण्डी, चेटीचण्ड और हिन्दू नववर्ष के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया। बैठक में विद्युत, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के विशेष निर्देश भी दिए गए। बैठक में झालरापाटन क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानकारी दी गई, जिसमें शहरवासियों ने प्रशासन का समर्थन किया। अधिकारियों को अकलेरा क्षेत्र में भी अतिक्रमण की स्थिति का सर्वे कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को कानून-व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करते हुए अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा और गश्त बढ़ाई जाएगी। सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक जुलूसों और आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। उन्होंने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने भी आमजन से त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


