भास्कर न्यूज| महासमुंद बसना थाना क्षेत्र में पत्रकारों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब गरमा गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई में ढिलाई बरतने से नाराज जिलेभर के पत्रकारों ने एकजुट होकर गुरूवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में दस्तक दी और ज्ञापन सौंपकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान ने बताया कि 6 फरवरी को हरिश्चंद्र दास नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट साझा किया था। आरोप है कि इस पोस्ट में पत्रकारों के लिए दलाल और फर्जी पत्रकार जैसे अत्यंत अपमानजनक और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया। इस घटना के बाद से ही पत्रकार समुदाय में गहरा रोष व्याप्त है। पत्रकारों का कहना है कि घटना के दिन ही बसना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मामला मानहानि और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। पत्रकारों ने प्रदेश व जिला स्तरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में एसपी से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच की मांग की। पत्रकारों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर प्रदेश सचिव आरके दास, जिला अध्यक्ष गेंददास मानिकपुरी, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे।


