सौंखरी में औद्योगिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के लिए भोजपुरा में बनेगा 132 केवी जीएसएस

बृजमोहन शर्मा | अलवर रीको की ओर से कठूमर के सौंखरी गांव में एग्रो-बेस्ड यूनिट्स के लिए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में कुल 123 औद्योगिक भूखंड होंगे, 21 भूखंडों का आवंटन हो चुका है। इनमें 17 भूखंडों का आवंटन शुक्रवार हुआ। जबकि, 4 भूखंड पहले ही आवंटित हो चुके थे। औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए भोजपुरा में 132 केवी जीएसएस बनाने की स्वीकृति भी मिल गई है। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड जीएसएस बनवाएगा। जीएसएस निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार जीएसएस निर्माण में करीब एक वर्ष का समय लगेगा। इससे न केवल नए औद्योगिक क्षेत्र को बल्कि कठूमर के ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। भोजपुरा में भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे शुरू होगा। इसके बाद जनसुनवाई होगी। किसानों और प्रशासन की सहमति के बाद भूमि अधिग्रहण का निर्णय लिया जाएगा। इस प्रक्रिया में लगभग तीन से चार महीने लगेंगे। ठेका प्रक्रिया में करीब 2 महीने लगेंगे। निर्माण कार्य अगले 6 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। करीब एक साल में जीएसएस बनने की संभावना है। जावली के 220 केवी सब स्टेशन से जोड़ेंगे: भोजपुरा 132 केवी जीएसएस को जावली में बन रहे 220 केवी सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा, जो भरतपुर जिले के कुम्हेर से जुड़ा रहेगा। इसके अलावा अलवर में एमआईए के पास स्थित 400 केवी जीएसएस से कनेक्शन जुड़ेगा। खेड़ली जीएसएस से भी जुड़ेगा, यहां की सप्लाई नदबई जीएसएस से होती है। जावली से 17 किलोमीटर लंबी लाइन डाली जाएगी। खेड़ली से 15 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना पर कुल 50.94 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। ^सौंखरी में कृषि आधारित औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया के तहत प्लॉटों का आवंटन शुरू हो चुका है। 21 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। एक से डेढ़ वर्ष में क्षेत्र का विकास किया जाएगा। -परेश सक्सेना, यूनिट हेड, रीको ^कठूमर के भोजपुरा में 132 केवी जीएसएस बनाया जाएगा, इससे औद्योगिक क्षेत्र को बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसे एक वर्ष में पूरा करने की योजना है। -नारायण सिंह, एईएन, राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लि.

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *