डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सौंफ और सरसों की फसल के बीच छिपाकर उगाए गए अफीम के 3600 हरे पौधे जब्त किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। निम्बी जोधा पुलिस थाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ओडिंट में एक व्यक्ति अपने खेत में सौंफ और सरसों की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना मिलने पर थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत अपनी टीम के साथ ग्राम ओडिंट स्थित खेत पर पहुंचे। जांच के दौरान, फसलों के बीच छिपाकर उगाई गई अफीम की खेती का पता चला। पुलिस ने मौके पर 3600 अफीम के पौधे उखाड़कर जब्त किए।
पुलिस ने मौके से आरोपी शीशराम उर्फ सहीराम पुत्र ओमाराम (जाट), निवासी ओडिंट, थाना निम्बी जोधा को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


