सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का संकल्प

भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ आगामी होली और रमजान माह को शांतिपूर्ण व भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से शंकरगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार और थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। बैठक में सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने और शांति भंग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस, भाजपा के पदाधिकारियों, जनपद अध्यक्ष और सरपंचों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की एक गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। बचवार क्षेत्र में बने चार स्पीड ब्रेकरों पर सफेद रेडियम या पेंट न होने के कारण रात में वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। संकेतकों के अभाव में यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने इस पर जल्द सुधार की मांग की है। शंकरगढ़ थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं, इसे आपसी सद्भाव से मनाएं। हुड़दंग करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। बैठक का समापन क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *