स्काउटिंग: नई कार्य योजनाओं पर चर्चा की

भास्कर न्यूज | कांकेर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कांकेर द्वारा स्काउटिंग गतिविधियों को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन न्यू सर्किट हाउस कांकेर में किया गया। बैठक में जिले में स्काउटिंग-गाइडिंग को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक के मुख्य अतिथि जिला मुख्य आयुक्त भारत मटियार थे। अध्यक्षता जिला संघ के अध्यक्ष राम चरण कोर्राम ने की। जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रदीप कुमार सेन ने बताया स्काउटिंग गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए जिले में नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इनमें जिला संघ के लिए आवंटित भवन के जीर्णोद्धार के लिए कार्ययोजना और बजट, जिला प्रशासन के सहयोग से प्राप्त 300 स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म के लिए क्रय समिति का गठन, प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी की समीक्षा और प्रमाण पत्र वितरण, राज्यपाल जांच परीक्षा से पूर्व कार्यशाला आयोजित करने, ओवाईएमएस पोर्टल में पंजीयन, शिक्षकों के लिए बेसिक एवं एडवांस प्रशिक्षण, स्काउट-गाइड विद्यार्थियों के तृतीय सोपान शिविर के लिए स्थान चयन तथा निजी एवं सेजेस स्कूलों से अंशदान राशि पर चर्चा की गई। बैठक में सहमति बनी कि आवंटित भवन का जीर्णोद्धार जिला संघ के मद से कराया जाएगा। राज्य पुरस्कार जांच की तैयारी स्काउटर-गाइडर द्वारा की जाएगी तथा तृतीय सोपान शिविर का आयोजन जुलाई माह में किया जाएगा। शिक्षकों के लिए बेसिक और एडवांस प्रशिक्षण शिविर जून माह में आयोजित किए जाने का फैसला लिया गया। आयुक्त मटियार ने कहा कांकेर जिले में स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है, जिसके कारण राज्य स्तर पर जिले की अलग पहचान बनी है। उन्होंने बताया कि 19वीं लखनऊ जंबूरी तथा प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी दुर्गली बालोद में भी कांकेर जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *