हनुमानगढ़ में हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय द्वारा शनिवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता के निर्देशन में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी शैक्षणिक सत्र में गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना और अधिकतम स्कूलों का पंजीकरण सुनिश्चित करना था। इसमें जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। जिला ऑर्गेनाइजर दीपक यादव ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 3444 स्काउट-गाइड को प्रशिक्षित किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से स्काउट-गाइड ने प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त राज्य स्तरीय नशा मुक्ति पोस्टर प्रतियोगिता में जिले को राजस्थान स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जो संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेंद्र बठला ने शिक्षा विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने नए सत्र में अधिक विद्यालयों को स्काउट-गाइड से जोड़ने, नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने और गतिविधियों को निरंतर संचालित करने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता ने जिले में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड अनुशासन, सेवा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने निदेशालय से प्राप्त पंजीकृत स्कूलों की सूची के आधार पर शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही। गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों से इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। जिला ऑर्गेनाइजर (गाइड) रणजीत कौर ने बताया कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशिक्षण, जनसंपर्क और विद्यालय स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाएगा। बैठक में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं।


