गुमला|जिले के बरगांव क्षेत्र में शनिवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बरगांव के बरवा टोली निवासी चुमनू उरांव 40 वर्ष के रूप में हुई है। उनके साथ स्कूटी पर सवार चरवा उरांव बाल-बाल बच गए और उन्हें हल्की खरोंच तक नहीं आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुमनू उरांव अपने साथी चरवा उरांव के साथ केसीपारा बाजार गए थे। बाजार से खरीदारी कर दोनों स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बरवा टोली टंगरा के समीप सामने से आ रहे एक ऑटो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई और दोनों सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद ऑटो में सवार लोग मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और परिजनों को सूचना दी। दुर्घटना में चरवा उरांव को मामूली खरोंच आई, जबकि चुमनू उरांव के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं। ग्रामीणों की मदद से चुमनू उरांव को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।


