अंबिकापुर में चांदनी चौक के पास घर के बाहर खड़ी दो स्कूटी में अज्ञात युवती ने आग लगा दी और भाग निकली। आग लगने से एक स्कूटी पूरी तरह जल गई। पास खड़ी दूसरी स्कूटी भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान के CCTV में पूरी घटना रिकार्ड हो गई है। CCTV फूटेज के आधार पर अज्ञात युवती की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के चांदनी चौक में संचालित एसके सेनेटरी दुकान के बाहर बीती रात युवती अनु शर्मा ने अपनी स्कूटी खड़ी की थी। अनु शर्मा एक निजी कंपनी में एकाउंटेंट का काम करती है। शनिवार सुबह दुकान के संचालक कलीम अंसारी को लोगों ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगी हुई है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, अनु शर्मा की स्कूटी पूरी तरह से जल गई थी। पास खड़ी दूसरी स्कूटी भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। CC कैमरों में दर्ज हुई घटना
एसके सेनेटरी दुकान के संचालक ने जब CCVT कैमरों के फूटेज की जांच की तो सुबह करीब पांच बजे एक युवती द्वारा स्कूटी में आग लगाते दिखी। उक्त युवती मौके पर पहुंची एवं उसने अनु शर्मा के स्कूटी के पास खड़ी एक स्कूटी को पीछे किया और अनु शर्मा के स्कूटी में आग लगा दी। घटना की सूचना कोतवाली थाने में दे दी गई है। युवती का चेहरा स्पष्ट नहीं है। वह गर्म कपड़ों के साथ ही चेहरे में भी स्कार्फ बांधे हुए नजर आ रही है। रंजिश पर आगजनी की आशंका
माना जा रहा है कि आग लगाने वाली युवती ने रंजिशवश अनु शर्मा की स्कूटी में आग लगाई है। हालांकि अनु शर्मा आग लगाने वाली युवती को पहचान नहीं सकी। अनु शर्मा ने कहा कि उसकी किसी से ऐसी रंजिश नहीं है। सेनेटरी दुकान के संचालक कलीम अंसारी ने कहा कि लंबे समय से लोग उनकी दुकान के सामने रात में गाड़ियां खड़ी करते हैं, जिनके घर में स्कूटी रखने की जगह नहीं है। यह घटना रंजिशवश हो सकती है।


