कोंडागांव के आलबेडा फॉरेस्ट कॉलोनी में गुरुवार शाम 7 बजे शिक्षक अजय मरकाम के घर में आग लग गई। यह घटना घर में खड़ी स्कूटी में अचानक स्पार्क होने से हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि पार्किंग एरिया और लिविंग रूम पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आने से स्कूटी के साथ एक बाइक भी पूरी तरह जल गई। घर में रखा फर्नीचर और अन्य सामान भी आग में नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, जिस स्कूटी में आग लगी, उसे घटना वाले दिन ही सर्विस कराकर घर लाया गया था। शाम के समय उसमें अचानक स्पार्क हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी का छिड़काव शुरू कर दिया। दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। हालांकि, दमकल के मौके पर पहुंचने से पहले ही मोहल्ले के लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विद्युत और वाहन सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।


